• A+
  • A
  • A-
IGU

योग के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा में सफलता का प्रेरणादायी उदाहरण: आईजीयू में योग विभाग के छात्र नितिन का HSSC क्लर्क पद पर चयन।

Published on: 26 Jun 2026

*योग के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा में सफलता का प्रेरणादायी उदाहरण: आईजीयू में योग विभाग के छात्र नितिन का HSSC क्लर्क पद पर चयन।*


इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के योग विभाग के लिए अत्यंत हर्ष एवं गौरव का विषय है कि विभाग के होनहार छात्र नितिन का हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) द्वारा क्लर्क के पद पर चयन हुआ है। इस उपलब्धि पर योग विभाग के समस्त शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

अपनी सफलता का श्रेय देते हुए नितिन ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने नियमित रूप से योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योग के माध्यम से उन्हें मानसिक एकाग्रता, स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास, तनाव प्रबंधन तथा निरंतर अध्ययन की क्षमता विकसित करने में अत्यंत सहायता मिली। उन्होंने बताया कि योग विभाग में प्राप्त प्रशिक्षण और योग की वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनी अध्ययन-रणनीति का अभिन्न हिस्सा बनाकर ही वे इस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सके।

नितिन ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता तथा योग विभाग के शिक्षकों — डॉ. जयपाल सिंह राजपूत, डॉ. अमनदीप, डॉ. धर्मवीर यादव, श्री प्रवीण कुमार एवं श्री अमित जी को दिया। उन्होंने कहा कि इन शिक्षकों के मार्गदर्शन में सीखे गए योगाभ्यास ने उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाया, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षा की कठिन तैयारी को सफलतापूर्वक पूरा कर सके।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी वे योग को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाए रखेंगे तथा उच्च प्रशासनिक सेवाओं सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

योग विभाग के शिक्षकों ने कहा कि नितिन की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि योग केवल स्वास्थ्य का माध्यम ही नहीं, बल्कि शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन का भी प्रभावी आधार है। यह उपलब्धि विभाग के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।