Published on: 21 Jun 2026
*आईजीयू में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।*
*"स्वस्थ आयु के लिए योग" थीम पर हुआ सामूहिक योगाभ्यास।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित इस वर्ष की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" के अंतर्गत योग विभाग एवं संकाय छात्र कल्याण के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का आयोजन बड़े उत्साह, उमंग एवं गरिमामय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अधिष्ठाता शैक्षणिक मामले प्रोफेसर सुनील कुमार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान योग शिक्षक अमित द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ योगाभ्यास में भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने सभी को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग विभाग एवं छात्र कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व एवं स्वास्थ्य विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में मानसिक तनाव, शारीरिक समस्याओं एवं असंतुलित जीवनशैली से मुक्ति पाने के लिए योग सबसे प्रभावी साधन है। "स्वस्थ आयु के लिए योग" विषय पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही वास्तविक धन है और योग के माध्यम से इसे जीवनभर सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से नियमित योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि प्रो. सुनील कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बढ़ती उम्र के साथ शरीर एवं मन को स्वस्थ, ऊर्जावान और संतुलित बनाए रखना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक एवं समग्र पद्धति है, जो मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और दीर्घायु प्रदान करती है। उन्होंने युवाओं से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. जयपाल सिंह राजपूत ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग से योग विभाग समय-समय पर विभिन्न स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों का आयोजन करता है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक विकास को सुनिश्चित करना है, जिससे वे जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमनदीप, सहायक आचार्य, योग विभाग द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संदेश के साथ हुआ।
कार्यक्रम में डॉ. सतीश कुमार (गणित विभाग), डॉ. हेमंत कुमार (विधि विभाग), डॉ. सुनील (राजनीति विज्ञान विभाग), डॉ. अंशु (सहायक कुलसचिव, कुलपति कार्यालय), मास्टर उदयराज, विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, शोधार्थी, विद्यार्थी, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा मीरपुर गांव के बच्चे, युवा एवं वरिष्ठजन बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए।