Published on: 26 Oct 2026
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट एवं होटल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट विभाग द्वारा यूथ रेड क्रॉस (YRC) के सहयोग से ‘नशा मुक्त विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय परिसर में एक विशाल जागरूकता रैली एवं प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ और उसकी सबसे बड़ी शक्ति हैं। एक समृद्ध और सशक्त भारत का निर्माण तभी संभव है जब हमारी युवा ऊर्जा सही दिशा में अग्रसर हो। नशा न केवल एक व्यक्ति को शारीरिक व मानसिक रूप से नुकसान पहुँचाता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज के भविष्य को अंधकारमय बना देता है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग ज्ञान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में नशा मुक्ति दूत के रूप में जन जागरूकता फैलाने का कार्य करें। इसके पश्चात कुलपति ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया।
रैली में डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट तथा होटल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट विभाग के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तख्तियां लिए प्रतिभागियों ने ‘से नो टू ड्रग्स’ (नशे को कहें ना) के नारों के साथ समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। रैली के पश्चात विश्वविद्यालय के आरटीआर ब्लॉक में विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति विषय पर एक जीवंत नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से नशे की लत के कारण व्यक्ति के स्वास्थ्य, पारिवारिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा पर पड़ने वाले विनाशकारी प्रभावों को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ दर्शाया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर नशा मुक्त भारत अभियान के निदेशक डॉ. बीरेंद्र सिंह के अलावा विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापकगण, शिक्षक, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस आयोजन के माध्यम से इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय ने नशा मुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी और प्रतिबद्धता को दोहराया। कार्यक्रम का समापन नशा मुक्त समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।