• Helpline No :
  • |
  • Email: admissions@igu.ac.in
  • A+
  • A
  • A-
IGU

आईजीयू के समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों ने उदयन केयर संस्था का किया शैक्षणिक भ्रमण।

Published on: 26 Oct 2026

इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के समाज कार्य विभाग द्वारा विद्यार्थियों को सामाजिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली एवं व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के उद्देश्य से धारूहेड़ा स्थित ‘उदयन केयर संस्था’ के शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया।

शैक्षणिक भ्रमण की शुरुआत के अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यावहारिक अनुभव ही ज्ञान को परिपक्व बनाता है। उन्होंने कहा कि समाज कार्य केवल एक पाठ्यक्रम नहीं, बल्कि मानवता की सेवा और सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम है। युवा विद्यार्थियों को समाज की चुनौतियों को निकट से समझकर उनके सकारात्मक समाधान की दिशा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने, अपने ज्ञान व कौशल में निरंतर वृद्धि करने तथा भविष्य में एक कुशल एवं जिम्मेदार सामाजिक कार्यकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को जब तक जमीनी स्तर के अनुभवों से नहीं जोड़ा जाता, तब तक शिक्षा अधूरी रहती है। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभवों से सीखने तथा सामाजिक संवेदनशीलता अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

संबोधन के पश्चात् कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों की बस को रवाना किया।

उदयन केयर संस्था पहुँचने पर संस्था के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को संस्था की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया। इस दौरान श्री धर्मेंद्र कुमार (सहायक प्रबंधक, हितधारक प्रबंधन), श्री टिंकू सिंह (राहुल) (केंद्र समन्वयक), श्री सुनील कुमार (मृदु कौशल प्रशिक्षक) तथा श्री हरीश कुमार (ई-वाहन प्रशिक्षक) ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण कार्यक्रमों, कौशल विकास और संस्था द्वारा संचालित जन-कल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी।

इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक संस्थाओं की भूमिका एवं कार्यप्रणाली से परिचित कराना था, जिससे उनकी अवलोकन क्षमता, संचार कौशल, सामाजिक संवेदनशीलता एवं व्यावसायिक दक्षता का समग्र विकास हो सके।

इस दौरान समाज कार्य विभाग के अध्यक्ष प्रो. सतीश कुमार तथा शिक्षक डॉ. सतेंद्र, श्री सतीश एवं सुश्री मनीषा विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे और पूरे भ्रमण के दौरान उनका मार्गदर्शन किया।