• A+
  • A
  • A-
IGU

आईजीयू कुलपति ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण।

Published on: 10 Jun 2026

*आईजीयू कुलपति ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण।*


इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी ने विश्वविद्यालय परिसर के राव तुलाराम शिक्षण खंड में संचालित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने परीक्षा कक्षों का भ्रमण किया तथा परीक्षार्थियों की उपस्थिति, बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, कक्ष निरीक्षण एवं अन्य व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात केंद्राधीक्षकों एवं कक्ष निरीक्षकों से परीक्षा संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त की और परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

प्रो. मिगलानी ने कहा कि विश्वविद्यालय निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलमुक्त परीक्षा प्रणाली के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने परीक्षा कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

कुलपति ने परीक्षार्थियों से भी संवाद किया और उन्हें शांतिपूर्ण वातावरण में आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए परीक्षा संचालन में लगे समस्त अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे औचक निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता एवं गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। निरीक्षण के दौरान कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह एवं परीक्षा नियंत्रक डॉ. विपुल यादव भी उपस्थित रहे।