• A+
  • A
  • A-
IGU

अर्थशास्त्र विभाग में 20 जून तक करे आवेदन।

Published on: 05 Jun 2026

*अर्थशास्त्र विभाग में 20 जून तक करे आवेदन।*


इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर के अर्थशास्त्र विभाग में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए के प्रवेश प्रक्रिया 26 मई 2026 से प्रारम्भ हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी 20 जून 2026 तक अपने आवेदन ऑनलाइन अथवा विश्वविद्यालय के निर्धारित माध्यम से जमा कर सकते हैं। अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष व सामाजिक विज्ञान के डीन, प्रोफेसर सतीश कुमार ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से विभाग में प्रवेश लेने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में अर्थशास्त्र विषय का महत्व निरंतर बढ़ रहा है। यह विषय राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार, शोध तथा नीति-निर्माण के व्यापक अवसर प्रदान करता है। अर्थशास्त्र का अध्ययन विद्यार्थियों को आर्थिक, सामाजिक एवं वैश्विक चुनौतियों को समझने तथा उनके समाधान खोजने की क्षमता विकसित करता है। प्रो. सतीश कुमार ने बताया कि विभाग में विद्यार्थियों को शोधोन्मुख शिक्षा, उच्च योग्यताधारी एवं अनुभवी संकाय सदस्यों का मार्गदर्शन, अनुशासित एवं स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु पाठ्यक्रम सहगामी गतिविधियों, सेमिनारों, कार्यशालाओं, वाद-विवाद प्रतियोगिताओं तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जाता है। विभाग में समय-समय पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों द्वारा विस्तार व्याख्यान आयोजित किए जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों को नवीनतम आर्थिक प्रवृत्तियों एवं शोध क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त होती है। विद्यार्थियों को इंटर्नशिप कार्यक्रमों, औद्योगिक भ्रमण, अध्ययन यात्राओं तथा अन्य शैक्षणिक दौरों में भाग लेने के अवसर भी प्रदान किए जाते हैं, जो उनके व्यावहारिक ज्ञान एवं कौशल विकास में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, अनुसूचित जाति/जनजाति, पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा मेधावी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध छात्रवृत्ति एवं वित्तीय सहायता योजनाओं का लाभ भी पात्र विद्यार्थियों को प्रदान किया जाता है। अर्थशास्त्र विभाग विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध, बैंकिंग, वित्तीय संस्थानों, कॉर्पोरेट क्षेत्र, सिविल सेवाओं, शिक्षण एवं नीति-निर्माण जैसे विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट करियर निर्माण के अवसर उपलब्ध कराता है। अतः सभी इच्छुक विद्यार्थी अंतिम तिथि 20 जून 2026 से पूर्व अपना आवेदन अवश्य करें तथा उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग का हिस्सा बनें।