• A+
  • A
  • A-
IGU

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आईजीयू में दो दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण एवं सम्मेलन का शुभारंभ।

Published on: 09 Jun 2026

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आईजीयू में दो दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण एवं सम्मेलन का शुभारंभ।


इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर में उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा तथा हरियाणा योग आयोग के निर्देशन में योग विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण एवं सम्मेलन का शुभारंभ बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं दीप प्रज्वलन के साथ दिव्य एवं आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. जयपाल सिंह राजपूत, सहायक प्राध्यापक, योग विभाग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर दिलबाग सिंह, विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर करण सिंह (छात्र कल्याण विभाग), मीरपुर गांव से आए बच्चों, युवाओं एवं वरिष्ठजनों, पुरुष एवं महिला छात्रावास के विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम की संयोजक एवं योग विभागाध्यक्ष डॉ. श्रुति ने अपने संदेश के माध्यम से कार्यक्रम की सफलता हेतु शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अत्यंत प्राचीन एवं वैज्ञानिक विधा है, जो वर्तमान समय की भाग-दौड़ एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में मानसिक, शारीरिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बनाए रखने का सर्वोत्तम माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को स्वयं से जोड़कर संतुलित एवं स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर करता है। उन्होंने हरियाणा योग आयोग एवं उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।

विशिष्ट अतिथि प्रो. करण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की वह अमूल्य धरोहर है जिसने संपूर्ण विश्व को स्वास्थ्य एवं शांति का संदेश दिया है। प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मानवता को स्वस्थ जीवनशैली एवं उच्च मानवीय मूल्यों की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि जीवन भर अपनाई जाने वाली अनुशासित जीवन-पद्धति है।

कार्यक्रम के दौरान योग शिक्षक श्री अमित के निर्देशन में प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगाभ्यासों एवं प्राणायामों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लेकर स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम प्रभारी डॉ. जयपाल सिंह राजपूत ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" (Yoga for Healthy Ageing) निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया तथा कार्यक्रम में सहभागिता के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन विश्व कल्याण की कामना के साथ कल्याण मंत्र के सामूहिक उच्चारण द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में सहायक कुलसचिव डॉ. अंशु, योग विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. धर्मबीर यादव, श्री प्रवीण कुमार, श्री अमित, मनोविज्ञान विभाग से डॉ. सतीश कुमार सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थी, शोधार्थी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।